Wednesday, June 19, 2013

कार्यपालक निदेशक का परिचय

श्री अमर लाल दौलतानी, कार्यपालक निदेशक

श्री अमर लाल दौलतानी ने 3 फरवरी 2012 को कार्पोरेशन बैंक के कार्यपालक निदेशक के रूप में कार्यभार ग्रहण किया।

श्री अमर लाल दौलतानी, महा प्रबंधक, इलाहाबाद बैंक को भारत सरकार ने 3 फरवरी 2012 से कार्यपालक निदेशक के रूप में नियुक्त किया है।

आगरा विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में स्नातकोत्तर उपाधि धारक श्री अमर लाल दौलतानी 1978 में इलाहाबाद बैंक में प्रबंधन प्रशिक्षणार्थी के रूप में भर्ती हुए। आपने इलाहाबाद बैंक की विभिन्न शाखाओं में विभिन्न पदों पर काम किया।

आंचलिक प्रमुख के रूप में उन्होंने कानपुर, अहमदाबाद, चिनसुरह (पश्चिम बंगाल) और हैदराबाद में सेवा की।  उन्होंने इलाहाबाद बैंक के प्रधान कार्यालय में अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक के कार्यपालक सहायक के रूप में तथा बतौर महा प्रबंधक (कार्पोरेट ऋण) महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाई हैं।

श्री दौलतानी ने कई विदेशी देशों का दौरा किया है और मानव संसाधन, बैंक वित्तीय प्रबंधन, फॉरेक्स, ट्रेज़री, एएलएम और डेरिवेटीव्स आदि पर बीआईएस बेसल, ईएससीपी पैरिस और ईएससीपी लंदन में प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लिया।

श्री अमर लाल दौलतानी ऋण, विदेशी विनिमय और अन्य सामान्य बैंकिंग परिचालनों में 34 वर्षों का अनुभव प्राप्त बहुमुखी प्रतिभा के बैंकर हैं।

कार्यपालक निदेशक के रूप में उनकी नियुक्ति से पहले श्री दौलतानी चेन्नई में परिमंडल महा प्रबंधक (दक्षिण) के पद पर थे और तमिल नाडु, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल और पुदुच्चेरी जैसे दक्षिणी राज्यों में कारोबार विकास को संभाल रहे थे।

श्री बिभाष कुमार श्रीवास्तव, कार्यपालक निदेशक

श्री बिभाष कुमार श्रीवास्तव ने 28 जनवरी 2013 से कार्पोरेशन बैंक के कार्यपालक निदेशक के रूप में कार्यभार संभाला।

इससे पहले श्री श्रीवास्तव कोलकाता में इलाहाबाद बैंक के प्रधान कार्यालय में महा प्रबंधक के पद पर थे और वे प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्र ऋण और वित्तीय समावेशन वर्टिकल के प्रभारी थे ।

श्री श्रीवास्तव बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय से कृषि में स्नातकोत्तर उपाधि के धारक हैं और उन्हें पशुपालन और डेरी विज्ञान में विशेषज्ञता प्राप्त है। वे भारतीय बैंकर्स संस्थान के प्रमाणपत्रित सहयोगी हैं। उन्हें उर्दू और तमिल में तीन वर्षीय डिप्लोमा और आईसीएफएआई, हैदराबाद से बेसिक फाइनेंस में डिप्लोमा प्राप्त है। उन्होंने वर्ष 1979 में इलाहाबाद बैंक में कृषि क्षेत्र अधिकारी के रूप में अपने बैंकिंग करियर की शुरुआत की। श्री श्रीवास्तव बहुमुखी प्रतिभा के बैंकर हैं और कृषि एवं ग्रामीण ऋण, प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्र ऋण विकास, जन बैंकिंग हेतु नवोन्मेषण, जीविका कार्यक्रमों का कार्यान्वयन, बैंकिंग प्रौद्योगिकी कार्यान्वयन तथा अन्य सामान्य बैंकिंग परिचालनों में विपुल अनुभव प्राप्त है।

इलाहाबाद बैंक में श्री श्रीवास्तव ने ग्रामीण, अर्ध-शहरी, शहरी और महानगरीय केन्द्नों में विभिन्न वेतनमानों में महत्वपूर्ण शाखाओं का प्रभार संभाला है। वे उत्तर प्रदेश के सोनभद्र ज़िले के अग्रणी ज़िला प्रबंधक थे। उन्होंने मिर्ज़ापुर और मुंबई के क्षेत्रीय/आंचलिक कार्यालयों में तथा प्रधान कार्यालय में प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्र ऋण तथा भा.रि.बैं. निरीक्षण एवं लेखा-परीक्षा कक्ष में भी काम किया है। उन्होंने संपूर्ण राजस्थान राज्य समाविष्ट बैंक के जयपुर अंचल का प्रभार भी संभाला है और बैंक के दो क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक, अर्थात्, त्रिवेणी क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक (उरई) और लखनऊ क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक (सीतापुर) के अध्यक्ष थे।

बहुमुखी प्रतिभा के बैंकर श्री बिभाष कुमार श्रीवास्तव 33 वर्षों के अधिक के समृद्ध बैंकिंग अनुभव के धनी हैं। उन्होंने भारत और विदेश में प्रतिष्ठित संस्थाओं में विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लिया है।